अखंडनगर (सुल्तानपुर)। टांडा-प्रयागराज हाईवे पर संचालित निजी बसों पर सवारियां बैठाने को लेकर बुधवार को दो ट्रांसपोर्टरों में विवाद हो गया।
कुंदाभैरवपुर गांव के पास एक ट्रांसपोर्टर ने साथियों के साथ दूसरे ट्रांसपोर्टर की बस को रोककर चालक व खलासी को पीट दिया। दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग भी की। ग्रामीणों ने मारपीट कर रहे तीन लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के सहंगिया निवासी अभिषेक सिंह की रामा बस सर्विस है, जबकि अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के ताराखुर्द गांव निवासी तिलकदेव यादव की अभय बस सर्विस है। दोनों की बसें रोजाना टांडा से प्रयागराज चलती हैं।
दोनों में कई दिनों से सवारियां बैठाने को लेकर विवाद था। बुधवार सुबह अभय बस सर्विस की एक बस सवारियां बैठाकर टांडा से प्रयागराज के लिए निकली थी। रास्ते में अखंडनगर थाना क्षेत्र के कुंदाभैरवपुर गांव के पास रामा बस सर्विस के मालिक अभिषेक सिंह दो अन्य लोगों के साथ बंदूक लेकर पहुंचे।
उन्होंने बस रुकवा कर चालक रवींद्र पाल और खलासी मोहम्मद इरफान की पिटाई कर दी। दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की। ग्रामीणों ने अभिषेक सिंह समेत तीन लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
थानाध्यक्ष अखंडनगर राजकुमार वर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्टर तिलकदेव यादव की तहरीर पर अभिषेक सिंह, बृजेश सिंह और विश्वास सिंह निवासी सहंगिया थाना दोस्तपुर के खिलाफ जानलेवा हमला समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।