अरहर दाल के साथ सब्जियों के दाम भी आम लोगों को रुलाने लगे हैं। दाल के स्थान पर विकल्प के रूप में इस्तेमाल होने वाली सब्जियां भी थाली से दूरी बनाने लगी हैं। खासतौर पर टमाटर के भाव तेजी से बढ़ रहे हैं। बाजार में अरहर दाल के बजाय चना और मटर दाल की डिमांड बढ़ी है।
बीते छह माह से दाल और सब्जियों के भाव उछाल मारने लगे हैं। अरहर की दाल वर्तमान में 150 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है। चना और मटर की दाल के रेट में भी इजाफा हुआ है। चना की दाल 80-90 रुपये प्रति किलोग्राम व मटर की दाल 38-40 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है।
राशन मंडी के व्यापारियों के मुताबिक अरहर की दाल के रेट में पिछले छह माह के भीतर कोई कमी नहीं आई है। इसका रेट थोड़ा बढ़ा ही है। गल्ला व्यापारी शंकरलाल कैलाशी ने बताया कि ग्राहक मटर और चने की दाल की खरीदारी पर ज्यादा जोर दे रहे हैं।