गौरीगंज तहसील के औद्योगिक क्षेत्र टिकरिया स्थित रेल नीर प्लांट द्वारा लगातार जलादोहन व क्षेत्र में पानी की समस्या की शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज कई ग्राम प्रधान व ग्रामीण मंगलवार को दोबारा सड़क पर उतर आए।
ग्राम प्रधानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को छह सूत्री ज्ञापन दिया। ज्ञापन में ग्राम प्रधानों ने प्लांट द्वारा जल संचय की व्यवस्था करवाने, गिरते जलस्तर के चलते खराब पड़े हैंडपंपों को सही करवाने, दूषित पानी जनित रोगों पर नियंत्रण के लिए प्रभावित गांवों में पानी की जांच व दवाओं की व्यवस्था करवाने तथा जलादोहन बंद करवाने के साथ ही मामले की जांच कर फैक्ट्री को तत्काल बंद करवाने की मांग की है।
मांग पूरी नहीं होने पर 22 अगसी्त से बेमियादी अनशन शुरू करने का ऐलान किया है। इस मौके पर ग्राम प्रधान टिकरिया अरुण कुमार मिश्र, ग्राम प्रधान ज्ञानमती, बबलू पांडेय, अयोध्या प्रसाद, त्रिवेणी प्रसाद पांडेय, देशराज व नंदलाल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
डीएम योगेश कुमार ने कहा कि कुछ कारणवश टीम जांच करने नहीं जा सकी थी। जल्द ही टीम मौके पर जाकर रेल नीर प्लांट व एसीसी सीमेंट फैक्ट्री पर लगाए गए आरोपों की जांच करेगी। शिकायत सही मिलने पर दोनों संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।