फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैश नहीं मिलने पर किया हाईवे जाम

Tue, 22 Nov 2016 10:14 PM IST
Amarujala Bureau
विज्ञापन
नोट बदलने को भटके लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पांच दिनों से कैशलेस हो चुकी बैंक ऑफ बड़ौदा की सेमरी बाजार व क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की वलीपुर शाखा के खाताधारकों का धैर्य मंगलवार को जवाब दे गया। खाताधारकों ने सेमरी बाजार स्थित बीओबी शाखा के समक्ष टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, वहीं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखा वलीपुर में ताला जड़ कर्मचारियों को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों स्थानों पर प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ। 
विज्ञापन



500-1000 रुपये के पुराने नोटबंद होने के बाद क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखाओं में कैश लोड नहीं हो पा रहा है। पिछले पांच दिनों से ग्रामीण बैंक की 80 शाखाओं पर कैश नहीं है। जिला मुख्यालय से करेंसी चेस्ट न मिलने के चलते बैंक कर्मी भी मजबूर हैं। ग्रामीण क्षेत्र की बैंक शाखाओं पर सोमवार को तनाव के हालात बन गए थे। मंगलवार को भी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर कैश का संकट छाया रहा।

सेमरी बाजार स्थित  बैंक ऑफ बड़ौदा की सिसौड़ा शाखा पर मंगलवार की सुबह बैंक कर्मियों ने खाताधारकों को कैश नहीं होने की जानकारी दी। यह सुनते ही लगातार कई दिनों से रुपये के लिए बैंक के चक्कर लगा रहे खाताधारक भड़क गए। खाताधारकों ने बैंक कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। खाताधारकों ने टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन

 बैंक के शाखा प्रबंधक नित्यानंद सिंह ने इसकी सूचना कोतवाली जयसिंहपुर को दी। सूचना पर कोतवाली से पहुंचे एसएसआई सुनील पांडेय मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। प्रदर्शन के दौरान करीब एक घंटे तक राजमार्ग जाम रहा। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।  उधर, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की बल्दीराय ब्लॉक स्थित वलीपुर शाखा पर भी सुबह बैंक खुलने के बाद कैश न मिलने की जानकारी होने पर खाताधारकों का रोष बढ़ गया।

नाराज खाताधारकों ने बैंक शाखा पर ताला जड़कर शाखा के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर वलीपुर चौकी इंचार्ज सचिन राठी पहुंचे। बैंक के सामने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत करवाया, तब कहीं जाकर वलीपुर शाखा का ताला खुला। शाखा प्रबंधक आनंद प्रकाश दूबे नेे बताया कि वे जिला मुख्यालय कैश लेने गए थे। बैंक कर्मियों ने उन्हें तालाबंदी व प्रदर्शन की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। ग्रामीण बैंक की देहली बाजार शाखा पर भी दिन भर कैश नहीं होने से ताला लटकता रहा। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें