जयसिंहपुर। जानलेवा हमले में फरार चल रहे आरोपी की संपत्ति पुलिस कुर्क करेगी। कोर्ट में हाजिर न होने के कारण आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामला गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव से जुड़ा है।
गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में 15 जुलाई 2019 को शिवप्रकाश सिंह को उनके भतीजे आशीष सिंह पुत्र राज नरायन सिंह ने खेत जोतने के विवाद को लेकर कुल्हाड़ी से मार कर लहूलुहान कर दिया था। गोसाईंगंज थाने में पुलिस ने आशीष समेत चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था।
इसी मामले में आशीष सिंह अभी तक फरार चल रहा है। आरोपी के विरुद्ध न्यायालय ने पिछले दिनों कुर्की की नोटिस जारी की थी। नोटिस का तामीला कराने के लिए पुलिस ने आरोपी के घर पर चस्पा कराया था। इसके बाद भी अभियुक्त आशीष न तो न्यायालय और न ही पुलिस के समक्ष उपस्थित हुआ।
न्यायालय के अवमानना में अभियुक्त आशीष के खिलाफ़ पुलिस ने केस दर्ज किया है। विवेचक थाना प्रभारी जयसिंहपुर ने बताया कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन न करने पर अभियुक्त के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।