रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में ध्वस्त किया गया संघ का पुराना भवन। संवाद
सुल्तानपुर। रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन और नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के पुराने भवन को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे इस कार्य से स्टेशन परिसर का रास्ता चौड़ा किया जाएगा।
करीब 24 साल पुराने इन दोनों यूनियन भवनों को हटाकर सर्कुलेटिंग एरिया का दायरा लगभग 16 मीटर तक बढ़ाया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार भवनों के ध्वस्तीकरण के बाद समतलीकरण कर क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा। यह पूरा कार्य छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यूनियनों के पदाधिकारियों ने अपने कार्यालय नए भवन में स्थानांतरित कर लिए हैं और वहां से कार्य शुरू हो चुका है। स्टेशन पर प्रतिदिन दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ सहित विभिन्न शहरों के लिए आने-जाने वाले पांच हजार से अधिक यात्रियों को इस परियोजना से लाभ मिलेगा।
यात्रियों को मिलेगी राहत
शहर के कुलदीप बरनवाल, आलोक सागर, दिवेश सागर और हेमंत मिश्र ने बताया कि भवन हटने से स्टेशन परिसर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। वाहनों की आवाजाही आसान होगी और समय की बचत होगी।
सर्कुलेटिंग एरिया का होगा विस्तार
स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि यूनियन भवन हटने के बाद सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार होगा। इससे यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में आसानी होगी और भीड़भाड़ की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।