लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर गौरीगंज रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास रविवार सुबह 7:45 बजे प्वांइट नंबर 43 से जुड़े मोटर में तकनीकी कमी आ गई। ट्रैक प्वांइट खराब होने की जानकारी मिलने के बाद रेलवे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पहुंची तकनीकी टीम ने पौने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 11:30 बजे रेल प्वाइंट को दुरुस्त किया। इस बीच ट्रेनों को मैन्युअल विधि से संचालित किया गया। खराबी से दो एक्सप्रेस ट्रेन व एक मालगाड़ी का संचालन प्रभावित हुआ।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास रविवार को सुबह 7:45 बजे रेल प्वांइट 43 की मोटर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसका पता चलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने आनन-फानन में मामले की सूचना स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार के साथ ही उच्चाधिकारियों को दी। प्वांइट में आई कमी को स्टेशन अधीक्षक ने सिग्नल विभाग के कर्मचारियों के साथ पांच प्वांइटों को लॉक करते हुए पौने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 11:30 बजे सही करवाया।
इस दौरान लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-रायबरेली साकेत एक्सप्रेस व डाउन एससीसी मालगाड़ी का संचालन प्रभावित रहा। ट्रैक से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों को मैन्युअल विधि से संचालित किया गया। प्वाइंट में आई तकनीकी कमी के चलते यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक ने रेल प्वाइंट खराब होने की पुष्टि करते हुए बताया कि फॉल्ट सही होने के बाद ट्रेनों का संचालन नियमित हो गया है।