साफ्टवेयर उड़ने से बंद पड़ी स्कैनर मशीन।
दूबेपुर (सुल्तानपुर)। अमहट स्थित ट्राॅमा सेंटर की सीटी स्कैन मशीन का सॉफ्टवेयर शुक्रवार सुबह क्रैश होने से जांच ठप हो गई। मेडिकल कॉलेज से आए तकनीशियन खामी दुरुस्त करने में असफल रहे। अपनी बारी का इंतजार कर रहे मरीजों को निराश लौटना पड़ा।
कुछ मरीजों ने निजी सेंटर पर जांच कराई तो उन्हें 3000-3500 रुपये खर्च करना पड़ा। मशीन की खराबी दूर करने के लिए पुणे से सॉफ्टवेयर इंजीनियरों को बुलाया गया है। बृहस्पतिवार को सर्वर में खराबी से 35 मरीजों को लौटना पड़ा था।
35 मरीजों को इंतजार करने के बाद लौटना पड़ा :
मेडिकल कॉलेज के अधीन सीटी स्कैन केंद्र का संचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी मॉडल) के तहत हो रहा है। यहां आने वाले मरीजों का मुफ्त में सीटी स्कैन की व्यवस्था है। सेंटर संचालक आमोद ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे सर्वर में खराबी से जांच बंद हो गई थी। दोपहर दो बजे तक कुल 60 मरीजों का पंजीकरण किया गया था। जिनमें से सिर्फ 25 लोगों की ही जांच की जा सकी। देर शाम तक इंतजार करने के बाद 35 रोगियों को निराश होकर लौटना पड़ा।
शुक्रवार सुबह जब सेंटर खोला गया तो सर्वर सही था। दो मरीजों की जांच की गई, तीसरे मरीज की जांच करने की बारी आई तो मशीन का सॉफ्टवेयर क्रैश हो गया। मेडिकल कॉलेज के तकनीशियन भी पहुंचे, काफी मशक्कत के बाद भी मशीन सही नहीं हो सकी। जिसके बाद गेट के बाहर अनिश्चितकालीन जांच बंद होने का नोटिस चस्पा कर मरीजों को वापस कर दिया गया।