सुल्तानपुर। ठंड की आमद देख गरीबों व मुसाफिरों को बचाने के लिए रैन बसेरों को व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर पंचायत, नगरपालिका समेत प्रमुख स्थलों पर रैन बसेरा बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने शनिवार की शाम तीन रैन बसेरों का निरीक्षण किया।
ठंड की आमद देख शासन ने गरीबों व मुसाफिरों को बचाने के लिए रैन बसेरा बनाने, कंबल वितरण के लिए गरीबों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही अलाव जलवाने का भी निर्देश दिया है। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/आपदा अधिकारी उमाकांत त्रिपाठी ने पिछले दिनों सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया है।
जिले से निर्देश जारी होने के बाद शनिवार को डीएम रवीश गुप्ता ने दोस्तपुर, कादीपुर व कोइरीपुर नगर पंचायत में बनाए गए रैन बसेरों का जायजा लिया। तीनों नगर पंचायतों में बनाए गए रैन बसेरों का निरीक्षण करने के बाद संबंधित अधिशाषी अधिकारियों व कर्मचारियों से तैयारियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के समय तीनों नगर पंचायतों में ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। डीएम ने अधिकारियों को जल्द व्यवस्था पूरी करने का निर्देश दिया है। साथ ही अलाव जलाने व गरीबों को कंबल वितरित करने के लिए उन्हें चिह्नित करने का निर्देश दिया है। इस मौके पर संबंधित मौजूद रहे।