गुरु हरगोबिंद साहिब के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा में शबद कीर्तन करते ज्ञानी। स्रोत-गुरुद्वारा
सुल्तानपुर। सिखों के छठवें गुरु हरगोबिंद साहिब का प्रकाश पर्व मंगलवार को शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया। देर शाम खालसा कैंप में बच्चों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के महासचिव सरदार सुदीप पाल सिंह ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु साहिब ने आध्यात्मिकता के साथ अन्याय के खिलाफ संघर्ष का भी संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में ज्ञानी नवजोत सिंह के जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। परमजीत कौर एवं सरदार तेजिंदर सिंह कलेर की ओर से अखंड पाठ साहिब की समाप्ति कराई गई। इसके बाद अरदास हुई और गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मुख्य अतिथि के रूप में गौरीगंज से आए कैंसर विशेषज्ञ डॉ. विवेक नागर ने गुरु साहिब के आदर्शों को अपनाने और समाज सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस मौके पर सरदार परमजीत सिंह बग्गा, सरदार मनमीत सिंह, सरदार आकाश बग्गा, साहिब सिंह, हरकीरत सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।