सुल्तानपुर। तिवारीपुर गांव में खेत की ट्रैक्टर से जोताई करने पहुंचे प्रधान और उनके बेटे पर हिस्ट्रीशीटर ने साथियों के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में बाल-बाल बचे पिता-पुत्र ने भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए प्रधान का खेत जोतवाया। प्रधान ने हिस्ट्रीशटर समेत आठ लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
देहात कोतवालत्नी थाना क्षेत्र के भरथीपुर ग्राम प्रधान रामपाल मिश्र का पड़ोस के गांव तिवारीपुर में खेत है। बुधवार की दोपहर प्रधान रामपाल मिश्र अपने पुत्र डीएम मिश्र के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत की जोताई करने पहुंचे थे। पिता-पुत्र ट्रैक्टर से खेत जोत रहे थे तभी हिस्ट्रीशीटर समेत कई लोग वहां पहुंच गए और प्रधान रामपाल मिश्र को खेत जोतने से मना किया।
इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर हिस्ट्रीशीटर समेत आठ लोगों ने राइफल व तमंचे से पिता-पुत्र पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बीच जान बचाकर पिता-पुत्र मौके से भाग निकले। प्रधान की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अपराधी के घर छापा मारा, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस की मौजूदगी में खेत की जुताई कराई गई। प्रधान रामपाल मिश्र ने कोतवाली देहात थाने में आरोपी हिस्ट्रीशीटर समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। एसओ कोतवाली देहात देवेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर मिली है। केस दर्ज किया जाएगा।