संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। पॉवर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष आशीष गोयल की सख्ती के बाद विद्युत वितरण निगम के इंजीनियर निरीक्षण पर निकल पड़े। बुधवार को निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता विपुल कुमार ने इंडियन बैंक व दो अन्य प्रतिष्ठानों में बिजली चोरी पकड़ी है। एक जगह घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।
शहर के दरियापुर में एक कांप्लेक्स में इंडियन बैंक की शाखा बिना कनेक्शन के संचालित पाई गई। इसमें 12 किलोवाट का उपयोग हो रहा था। शहर में फातिमा घरेलू कनेक्शन पर दुकान में व्यावसायिक उपयोग कर रही थीं। इसी मोहल्ले के निवासी नैयर जैदी मीटर को बायपास करके चार किलोवाट की बिजली चोरी करते मिले।
अधीक्षण अभियंता ने दोनों बिजली चोरी के आरोपियों को विजिलेंस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर अधिशासी अभियंता अश्विनी कुमार समेत अन्य इंजीनियर मौजूद रहे।