सुल्तानपुर। गांवों में अब कटिया लगाकर बिजली चोरी करना आसान नहीं होगा। बिजली चोरी रोकने व उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति देने की व्यवस्था की जा रही है। विद्युत वितरण मंडल ने चिह्नित 262 गांवों में खुले तार उतार कर केबल लगाने का काम शुरू करा दिया है।
मध्यांचल विद्युुत वितरण निगम ने गांवों में विद्युत चोरी रोकने के लिए केबल लगाने का निर्देश दिया था। इसके तहत विद्युत वितरण मंडल ने पहले चरण के लिए चिह्नित 262 गांवों में कार्य शुरू करवा दिया है। कार्यदायी संस्था ने चयनित गांवों में केबल लगाने लगी है। केबल लगाने के लिए फर्म की ओर से खुले तार उतारे जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार केबल लगने से फीडर से दी गई पूरी आपूर्ति गांवों तक पहुंचेगी। कटिया नहीं लग पाने से उपभोक्ताओ को बेहतर आपूर्ति मिल सकेगी।
अधीक्षण अभियंता धीरज सिन्हा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खुले तार को उतार कर केबल लगाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। अभी तक करीब 180 गांवों में केबल लगाने का कार्य तकरीबन पूरा हो चुका है। पहले चरण का कार्य पूरा होने के बाद दूसरे चरण का काम शुरू कराया जाएगा।
लाइन लॉस पर भी मिलेगा नियंत्रण
ग्रामीण क्षेत्रों में केबल लगने से लाइन लॉस पर भी काबू पाया जा सकेगा। इंजीनियरों के मुताबिक खुले तार से पेड़ की डाल छूटने व अन्य वजहों से काफी लाइन लॉस होता रहता है। केबल लगने से लाइन लॉस पर काबू पाया जा सकेगा।