धम्मौर। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से संचालित धम्मौर फीडर की बिजली आपूर्ति बुधवार देर रात करीब एक बजे ठप हो गई। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली कटौती के दौरान मनियारपुर, धम्मौर, मामपुर समेत 30 गांव की करीब 35 हजार आबादी प्रभावित रही।
आधी रात को बिजली ठप होने से सुबह तक घरों में लगे इन्वर्टर जवाब दे गए। मोबाइल फोन भी बंद हो गए। सुबह होते ही पानी की समस्या भी गहरा गई। अधिकांश घरों में मोटर न चल पाने से पानी की किल्लत रही। रात में विद्युत निगम के कर्मचारी फॉल्ट खोजने में जुटे रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार सुबह खामी दुरुस्त कर करीब नौ बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई। अवर अभियंता सचिन यादव ने बताया कि मनियारपुर गांव के पास हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
तीन दिन बाद भी नहीं बदला गया खंभा
कुड़वार। राजकोट मार्ग पर मंगलवार शाम आंधी से पेड़ गिरने पर टूटे बिजली के खंभे को अभी तक नहीं बदला गया। जिससे करीब 500 लोग अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हैं। राम अवध, अजय, भगेलू, संतोष ने बताया कि खंभा गिरने की सूचना भी दी गई है, लेकिन इसे ठीक नहीं कराया जा रहा है।