उपकेंद्र में पैनल लगाकर सप्लाई चालू करते कर्मचारी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। डाकखाना उपकेंद्र के फीडरों को दुरुस्त रखने के लिए सोमवार को लिए गए 10 घंटे के शटडाउन से शहर के प्रमुख क्षेत्रों की व्यवस्था चरमरा गई। दिन भर की बिजली कटौती का असर तकरीबन हर सेक्टर पर पड़ा। कई मोहल्लों में जलापूर्ति बाधित रहने से सैकड़ों लोग परेशान हुए। बिजली के अभाव में निजी पैथोलॉजी में कई जांचें नहीं हो सकीं। सरकारी कार्यालयों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कई काम प्रभावित हुए। कई जगहों पर जरूरी कार्यों के लिए जनरेटर चलाए गए।
शहर के सभी प्रमुख मोहल्लों की बिजली सुबह आठ बजे से ठप हो गई। इससे शहर के निजी पैथोलॉजी पर मरीजों की कई जांचें प्रभावित हो गईं। बिजली के अभाव में एक्सरे का कार्य तकरीबन बंद रहा। जनरेटर से एक्सरे की क्वालिटी कम ठीक आने की वजह से संचालकों ने काम को रोके रखा। जनरेटर चलने से पैथोलॉजी संचालकों पर खर्च का अधिक भार पड़ा। शहर में स्थित फोटो लैब की मशीनें बिजली के अभाव में सुबह से शाम तक बंद रहीं। इससे संचालकों को हजारों का नुकसान झेलना पड़ा। व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर दिन भर जनरेटर गड़गड़ाते रहे। दुकानों व प्रतिष्ठानों के बिजली से संचालित काफी संयंत्र बंद रहे। विकास भवन समेत आसपास के सरकारी कार्यालयों में बिजली नहीं होने से फोटो कॉपी मशीनें नहीं चल सकीं। इसका असर सरकारी कार्य पर पड़ा।
जलनिगम का मोटर नहीं चलने से शहर के कई मोहल्लों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। सुबह पानी नहीं भर पाने वाले लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। कोचिंग सेंटर, स्कूल व कॉलेज में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी दिक्कतें हुईं। बिजली के अभाव में विद्यालय के कक्षों में अंधेरा रहा। घरों के साथ सरकारी कार्यालयों व प्रतिष्ठानों में ब्लोअर व हीटर नहीं चलने से लोगों को ठंड का सामना करना पड़ा।
शाम छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों को राहत मिल सकी। अवर अभियंता धर्मनाथ प्रसाद ने बताया कि उपकेंद्र के तीन फीडर का ब्रेकर बदल दिया गया है। मंगलवार को शटडाउन के दौरान शेष तीन फीडरों का ब्रेकर बदल दिया जाएगा। ब्रेकर बदलने से गर्मी के मौसम में आपूर्ति में दिक्कत नहीं आएगी।