सुल्तानपुर। शहर से सटे दो उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति मंगलवार को सात घंटे बंद रही। दोनों उपकेंद्रों के बंद रहने से करीब 80 हजार आबादी को शाम छह बजे बिजली मिल सकी। अभी 14 दिन तक ग्रामीणों को आपूर्ति की मुसीबत झेलनी पड़ेगी।
प्रतापगढ़-सांगीपुर के हाईटेंशन लाइन कार्य के लिए शहर से सटे केएनआई व लोलेपुर उपकेंद्र को 26 दिसबंर से 10 जनवरी तक दिन में सात घंटे बंद किया जाना है। मंगलवार को दोनों उपकेंद्रों से सुबह 11 से शाम छह बजे तक आपूर्ति बंद रही। इससे करीब 55 गांवों और शहरी क्षेत्र के विनोबापुरी, पीडब्ल्यूडी, हथियानाला, एमजीएस चौराहा, शिवाजीनगर समेत पांचोंपीरन, कस्बा, निजामपट्टी, सैदपुर, खुनका, बहादुर आदि की करीब 80 हजार आबादी की बिजली शाम तक ठप रही। जेई राम जनम ने बताया कि शाम छह बजे आपूर्ति बहाल की गई।
10 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे
सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। कस्बे में मंगलवार को विद्युत वितरण उपकेंद्र की ओर से शिविर लगाने के साथ चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिजली के 10 बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए गए। आठ उपभोक्ताओं के यहां मीटर चेक कराने के लिए दूसरा मीटर लगवाया गया। अधिशाषी अभियंता आरके त्रिपाठी ने बताया कि शिविर में बकायेदारों से दो लाख रुपये जमा भी कराए गए।