सुल्तानपुर। बकाया बिल की वसूली के लिए चलाए जा रहे अभियान में शनिवार को 14 बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। इसके साथ एक मीटर की रीडिंग में गड़बड़ी मिलने पर अधीक्षण अभियंता ने रीडर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
अभियान में शनिवार को अधीक्षण अभियंता राकेश प्रसाद खुद बकाएदारों से वसूली के लिए निकले। उन्होंने अधिशाषी अभियंता प्रथम गौरव तिवारी के साथ शहर के दरियापुर मोहल्ले के शुक्लाना में बकाएदारों के कनेक्शन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एक उपभोक्ता के घर के मीटर में यूनिट की गड़बड़ी मिली। अधीक्षण अभियंता ने सुपरवाइजर को संबंधित मीटर रीडर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाने का निर्देश दिया। निरीक्षण में बिल नहीं जमा करने पर 10 हजार रुपये के ऊपर के 14 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए। कई बकाएदारों ने अपने बिल भी जमा कराए।
बिजली कटौती से परेशान रही 20 हजार आबादी
सुल्तानपुर। शहर में पांच अक्तूबर से शुरू हो रहे दुर्गा पूजा महोत्सव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विद्युत वितरण मंडल की ओर से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। शनिवार को पयागीपुर स्थित पारेषण उपकेंद्र से सुबह आधे घंटे से अधिक समय तक लाइन ब्रेकडाउन में रही। इस बीच डाकखाना उपकेंद्र बंद रहा। पुलिस लाइंस, तहसील फीडर, गभड़िया फीडर के ब्रेड डाउन से अलग-अलग क्षेत्रों की करीब 20 हजार आबादी बिजली के लिए परेशान रही। बस स्टेशन की तरफ भी ब्रेक डाउन के बीच करीब 10 हजार उपभोक्ता परेशान रहे। अवर अभियंता धर्मनाथ प्रसाद ने बताया कि दुर्गा पूजा तैयारियों का काफी कार्य पूरा करा दिया गया है। शेष काम भी जल्द पूरा हो जाएगा। (संवाद)