सुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की देर रात बाइक सवार युवकों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा भुलकी चौराहे के पास हुआ जिसमें सुशील कुमार (23) की मौके ही मौत हो गई। प्रयागराज के उतरांव क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर निवासी सुशील कुमार (23) एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। वह अपने साथ फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले मुगलसराय दानपुरा निवासी सौरभ तिवारी (24) और जौनपुर के बदलापुर निवासी मातादीन पासवान (25) के साथ सुल्तानपुर शहर के बाटा गली में किराए पर कमरा लेकर साथ रहता था। शुक्रवार को तीनों कंपनी में साथ काम करने वाले मनोज पाठक निवासी सराय अचल के यहां एक बाइक से दावत में गए थे। रात करीब एक बजे तीनों घर लौट रहे थे। रास्ते में भुलकी चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौंद दिया।
दुर्घटना में सुशील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौरभ तिवारी और मातादीन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दोनों युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी शिवकांत त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के साथ ही घायल युवकों के परिवारीजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। बाइक को टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है।