दिवाली के दूसरे दिन ही शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पटरी से उतर गई। शहर में दो चरणों में करीब साढ़े तीन घंटे कटौती रही जबकि ग्रामीण क्षेत्र में कटौती करीब 10 घंटे की गई। कटौती से शहर की आबादी प्रभावित रही। दिन में ढाई घंटे तीन फीडर बंद रहे।
दिवाली के दूसरे दिन से ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में अंधाधुंध कटौती शुरू हो गई है। दिवाली के बाद से ही ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती 10 घंटे पहुंच गई है। इसके अलावा खराबी में कई क्षेत्रों की आपूर्ति बाधित चल रही है। शहरी क्षेत्र में शनिवार की रात करीब डेढ़ घंटे की कटौती की गई। नियंत्रण कार्यालय से की गई कटौती से पूरे शहर की आपूर्ति रात में ठप रही।
इसकी वजह से करीब डेढ़ लाख आबादी प्रभावित रही। रविवार को दिन में डाकखाना उपकेंद्र का तीन फीडर मरम्मत कार्य के लिए बंद कर दिया गया। मरम्मत कार्य के दौरान राजकीय, बढ़ैयावीर व पुलिस लाइन फीडर की आपूर्ति ठप रही। करीब ढाई घंटे आपूत्रि नहीं मिलने से दोपहर में शहर के लोग परेशान रहे। एसडीओ केशरी प्रसाद ने बताया कि शहर में दोपहर को केबल खिंचवाने के लिए तीनों फीडर की आपूर्ति बंद की गई थी। कार्य के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।