अमेठी। पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक संजय गोयल ने बुधवार को मुंशीगंज स्थित एचएएल गेस्ट हाउस में अयोध्या मंडल के सभी विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
प्रबंध निदेशक ने विद्युत आपूर्ति और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर आला अधिकारियों के पेच कसे। इसके साथ ही उन्होंने पनियार उपकेंद्र का निरीक्षण भी किया। खामी मिलने पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने सरकार की मंशा के अनुरूप विद्युत आपूर्ति को लेकर कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
एमडी ने भारत सरकार की उदय योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पंद्रह प्रतिशत से कम लाइन-लॉस में 24 घंटे आपूर्ति की जाएगी।
उन्होंने 15 प्रतिशत से कम लाइन-लॉस क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बेहतर किए जाने का निर्देश दिया। जहां ज्यादा लाइन-लॉस है, वहां के उपभोक्ताओं को जागरूक किया जाए।
उन्होंने विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों के फुंकने और उनके बदलने की स्थिति तथा बकाया बिल वसूली आदि के बारे में जानकारी ली।