दोस्तपुर। खेत की जोताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से इमली गांव निवासी और डाक विभाग में तैनात पोस्टमैन दिनकर चतुर्वेदी (55) की मौत हो गई। हादसा बुधवार सुबह करीब नौ बजे उस समय हुआ, जब वह अपने ही खेत में ट्रैक्टर से जोताई कर रहे थे।
ग्रामीणों के मुताबिक जोताई के दौरान ट्रैक्टर खेत में कीचड़ में फंस गया। दिनकर उसे बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे। तभी ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया। पत्नी पुष्पा ने बताया कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दोस्तपुर थाने के थानाध्यक्ष नारदमुनि सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इमली गांव के डाकघर में थे कार्यरत
दिनकर चतुर्वेदी इमली गांव के डाकघर में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां जशोदा, पत्नी पुष्पा देवी, विवाहित पुत्री स्वाति (25), पुत्रियां तृप्ति (23) व दीप्ति (21) तथा पुत्र श्रेयांश (16) हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर पहुंचने वाले ग्रामीण परिजनों को ढाढ़स बंधाते रहे।