सांसद राहुल गांधी को लेकर अमेठी संसदीय क्षेत्र में फिर पोस्टर वार शुरू हो गया है। करीब छह माह से अमेठी नहीं आने पर उन्हें लापता दिखाते हुए गौरीगंज में पोस्टर लगा दिए गए हैं। पोस्टर में उनकी जानकारी देने वालों को उचित इनाम देने की घोषणा की गई है।
साथ ही उनकी गैरमौजूदगी में सांसद निधि से होने वाले विकास कार्यों को ठप करार दिखाया गया है। सोमवार की सुबह से लगे पोस्टर दिन भर चर्चा का विषय बना रहा। रविवार की रातोंरात अमेठी के गौरीगंज में सांसद राहुल गांधी के लापता होने के पोस्टर प्रमुख स्थलों पर लग गए।
पोस्टर में राहुल गांधी को लापता दिखाते हुए उनके निधि से होने वाले विकास कार्यों को ठप दिखाया गया है। उनके व्यवहार से अमेठी की जनता का ठगा महसूस होने का हवाला दिया गया है। सोमवार की सुबह पोस्टर पर नजर पड़ते ही लोग दंग रह गए।
गौरीगंज समेत पूरे संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस उपाध्यक्ष के लापता होने को लेकर दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। कांग्रेस पार्टी के लोग इसे विरोधियों की हरकत करार दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि राहुल के करीब छह माह से अमेठी नहीं पहुंचने का मौका देख इस तरीके पोस्टर लगाए गए हैं।