सुल्तानपुर। राज्य ग्राम्य विकास संस्थान के महानिदेशक की बैठक में जल निगम पर स्वच्छ पेयजल परियोजनाओं की स्थापना व घटिया मरम्मत कार्य कराने के आरोप लगे हैं। इस पर महानिदेशक की ओर से नाराजगी जताए जाने पर डीएम ने जांच के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही संचारी रोग व कोरोना वायरस के संक्रमण पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को समय से कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।
राज्य ग्राम्य विकास संस्थान के महानिदेशक एल वेंकटेश्वर लू ने रविवार को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में वार्ड सभासदों, माननीयों, व संभ्रांत लोगों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने नगर की पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता एवं कूड़ा निस्तारण की स्थिति के साथ संचारी रोगों व कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता के प्रयासों की जानकारी ली।
बैठक में ही विधायक सूर्यभान सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल के साथ कई सभासदों ने जल निगम की स्वच्छ पेयजल परियोजना स्थापना में गड़बड़ी का आरोप मढ़ा। इस पर नाराजगी जताते हुए डीजी ने डीएम से जानकारी ली।
डीएम सी. इंदुमती ने बताया कि जांच कराई गई लेकिन बाद में मरम्मत कार्य करने की वजह से जलनिगम पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। डीजी के नाराजगी जताने पर डीएम ने गड़बड़ी की जांच कराने का निर्देश दिया है। महानिदेशक ने एक्सईएन जल निगम के साथ एसडीएम से सत्यापन कराने का निर्देश दिया है।
इसके बाद डीजी ने तपस्वी के अंदाज में लोगों को हर संकट से निकलने की प्रेरणा दी। कहा कि मानव जीवन बड़े भाग्य से मिलता है। उन्होंने अधिकारियों को संचारी रोग व कोरोना वायरस पर हरसंभव उपाय करके बचाव का निर्देश दिया।
कहा कि 70 फीसदी से अधिक बीमारियां गंदगी व दूषित जल से फैलती है। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री ने हर घर को जल पहुंचाने का संकल्प लिया है। इसे सहयोग से पूरा करना सबका धर्म है। इस मौके पर जिलाधिकारी सी. इंदुमती, नोडल अधिकारी राज कमल यादव, पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा, मुख्य विकास अधिकारी रमेश प्रसाद मिश्र, एडीएम वित्त उमाकांत त्रिपाठी समेत संबंधित मौजूद रहे।
इसके पहले महानिदेशक ने सुबह जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला अस्पताल के इमरजेंसी, सर्जिकल, ब्लड बैंक वार्ड का तथा कोविड हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ट्रूनेट मशीन से की जा रही कोरोना जांच की जानकारी ली।
चिकित्सकों को उन्होंने व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। इसके बाद केएनआईटी कोविड केयर सेंटर पहुंचकर उन्होंने भर्ती मरीजों से भोजन व उपचार के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सीएमओ को संचारी रोग व कोरोना वायरस पर नियंत्रण का निर्देश दिया।