सुल्तानपुर। बुजुर्ग महिला विमलेश सिंह की गला काटकर की गई हत्या के मामले में एक महिला सहित तीन नए संदिग्धों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए विवेचक प्रमोद कुमार पटेल की तरफ से सीजेएम कोर्ट में अर्जी दी गई। तीनों संदिग्धों की तरफ से पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए सहमति भी दी गई है।
सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत ने विवेचक की अर्जी स्वीकार करते हुए पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए मंगलवार को आदेश जारी किया। अदालत ने निर्धारित नियमों के अनुसार पॉलीग्राफ टेस्ट की इजाजत विवेचक को दी है।
बंधुआकला के लंगड़ी निवासी विमलेश सिंह की गत नौ मई की देर शाम गला काटकर हत्या कर दी गई थी। अमेठी जिले के मुंशीगंज थाने के मडेरिका-सरुवांवा निवासी गंगा प्रकाश सिंह ने बंधुआकला थाने में अपनी बहन विमलेश सिंह की हत्या के संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गवाहों के बयान व अन्य तथ्यों के अनुसार तीन लोगों की भूमिका संदिग्ध मानते हुए कोर्ट से इजाजत लेकर उनका पॉलीग्राफ टेस्ट पूर्व में कराया था, फिलहाल टेस्ट में परिणाम निगेटिव मिला था।
जांच में मिले तथ्यों के आधार पर विवेचक ने एक महिला सहित तीन अन्य लोगों को जांच के दायरे में लाते हुए उनके पॉलीग्राफ टेस्ट की इजाजत के लिए अदालत में अर्जी दी। उसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है।