पंचायत के चौथे व अंतिम चरण में 29 अक्तूबर को नौ डीडीसी व 227 बीडीसी वार्डों के लिए वोट पड़ेंगे। प्रतापपुरकमैचा, लंभुआ व भदैंया विकास खंड में चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण करने का दावा किया है। बुधवार को तीनों ब्लॉकों से पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी। पोलिंग पार्टियों को सुबह ब्लॉक मुख्यालयों पर बुुलाया गया है।
पंचायत के चौथे व अंतिम चरण का मतदान 29 अक्तूबर को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण करने का दावा किया है। चौथे चरण में प्रतापपुरकमैचा, लंभुआ व भदैंया में नौ जिला पंचायत सदस्यों एवं 227 क्षेत्र पंचायत सदस्य वार्डों के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान के लिए बुधवार को तीनों ब्लॉकों से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। पोलिंग पार्टियों को बूथों पर भेजने के लिए बुधवार की सुबह सात बजे ब्लॉक मुख्यालयों पर बुलाया गया है। मंगलवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने ब्लॉकों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सेक्टर, जोनल, सुपर जोनल, खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक करके अधिकारियों ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के निर्देश दिए।
603 बूथों पर पड़ेंगे वोट
चौथे चरण में नौ डीडीसी, 227 बीडीसी के लिए गुुरुवार को 603 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। प्रशासन ने तीनों ब्लॉकों में शांतिपूर्ण एवं स्वतंत्र चुनाव के लिए 54 संवेदनशील, 71 अतिसंवेदनशील व 26 अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों को चिह्नित किया है। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
26 बूथों पर लगेगा वीडियो कैमरा
अंतिम चरण के 26 अतिसंवेदनशील प्लस बूथ पर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। इन 26 बूथों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन वीडियो कैमरा लगवा रहा है। कैमरे से मतदान की स्थिति देखी जाएगी।