सुल्तानपुर। शहर के पयागीपुर के पास रविवार दोपहर बाद खड़े ट्रक में प्रयागराज निवासी चालक प्रदीप यादव का चोटिल शव पड़ा मिला। मृतक के पिता राम आधार की तहरीर पर पुलिस ने देर रात खलासी प्रतापगढ़ के जेठवारा निवासी संजय शर्मा के खिलाफ कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस शव के पास मिले मृतक के मोबाइल को ऑन करके उसकी कॉल डिटेल भी पता कर रही है। हत्यारोपी खलासी के बारे में पुलिस पता लगा रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस की एक टीम प्रतापगढ़ भी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देश पर चार टीमों का गठन किया गया है। सर्विलांस सेल भी काम कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि बहराइच से ट्रक लेकर प्रदीप रविवार को प्रयागराज जाने के लिए निकला था। अयोध्या के भरतकुंड के निकट स्थित टोल की रविवार दोपहर की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिली है। उसमें 02:19 बजे प्रदीप यादव अयोध्या से सुल्तानपुर की ओर ट्रक लेकर आता दिखाई दिया है। हाईवे के अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी वारदात से जुड़े साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं। ट्रक मालिक संजय खत्री ने यह जानकारी पुलिस को नहीं दी थी कि चालक प्रदीप यादव के साथ खलासी संजय शर्मा भी मौजूद था। शव का पोस्टमार्टम हो चुका है, बताया जा रहा है कि चालक प्रदीप यादव के सिर में तीन चोट के निशान मिले हैं। हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।