कुड़वार। मीरापुर कमालपुर गांव में बुजुर्ग ई रिक्शा चालक रामतेज की हत्या के मामले में पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल के जरिये हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई है।
शुक्रवार सुबह रामतेज रोज की तरह ई रिक्शा लेकर घर से निकले थे। देर शाम लौटे। शनिवार सुबह उनका खून से लथपथ शव घर के एक कमरे में जमीन पर पड़ा मिला था। आशंका जताई जा रही है कि ईंट से कूंचकर वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक की पुत्री बसंता की तहरीर पर कुड़वार थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार के बीच रामतेज के मोबाइल पर जिन नंबरों से फोन आया था। उनकी पहचान व लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी टीम को लगाया गया है।
कुड़वार थानाध्यक्ष तरुण कुमार पटेल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।