गौरीगंज। मकान का बैनामा करने को राजी नहीं होने पर दबंगों ने एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया। पत्नी की तहरीर पर सक्रिय हुई पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ग्रामीण को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कोर्ट भेजा है।
थाना क्षेत्र पीपरपुर के गांव रायपुर निवासी राजकुमार सोनी का सोमवार सुबह घर के समीप से ही अपहरण हो गया। अपहरण की सूचना पर थाने पहुंची राज कुमार की पत्नी अर्चना सोनी ने थाना क्षेत्र के गांव त्रिसुंडी निवासी रिंकू सिंह के खिलाफ पति का अपहरण करने की तहरीर दी।
अर्चना ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा था कि रिंकू उनके पति से जबरन उनके एक मकान का बैनामा कराना चाहते थे। पति ने इसके लिए साफ मना कर दिया था।
इससे गुस्साए रिंकू ने सोमवार सुबह उसके पति का अपहरण कर लिया। महिला की तहरीर पर पुलिस सक्रिय हो गई। अपहरण की सूचना पर एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने सीओ पीयूषकांत राय के निर्देशन में पीपरपुर पुलिस को घटना के खुलासे की जिम्मेदारी सौंप दी।
उसके बाद पुलिस पीड़ित की तलाश में जुट गई। पुलिस ने मंगलवार को रिंकू के घर से ही राज कुमार को बरामद कर लिया। मंगलवार बाद दोपहर घटना का खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि आरोपी पर पीपरपुर थाने में आधा दर्जन से ज्यादा गंभीर अपराध के मुकदमे दर्ज हैं।
उस पर गैंगेस्टर व गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई है। आरोपी को अपहरण के मामले में जेल भेजा जा रहा है। इस मौके पर एसएचओ श्याम सुंदर समेत खुलासे में शामिल पुलिस टीम मौजूद रही।