सुल्तानपुर। अधिवक्ता राधेश्याम यादव हत्याकांड में दोषी रामआसरे यादव को गिरफ्तार करने में कोतवाली देहात पुलिस नाकाम रही। सुप्रीम कोर्ट से अपील खारिज होने के बाद जिला जज सुनील कुमार की अदालत ने दोषी की गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बावजूद शनिवार तक पुलिस उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश नहीं कर सकी।
कोतवाली देहात के बरुआ जगदीशपुर निवासी गंगादीन यादव ने 22 अगस्त 2000 को अपने चचेरे भाई अधिवक्ता राधेश्याम यादव की हत्या के मामले में रामआसरे यादव, अखिलेश समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तत्कालीन सेशन जज ने 13 जुलाई 2010 को रामआसरे और अखिलेश को आजीवन कारावास और दस हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई थी।
10 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने अपील की थी खारिज
हाईकोर्ट ने 28 अगस्त 2012 को सजा बरकरार रखते हुए दोनों की अपील खारिज कर दी थी। इसके बाद दोषियों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की। सुनवाई के दौरान वर्ष 2015 में उन्हें जमानत मिल गई थी। रामआसरे के गैरहाजिर रहने पर सुप्रीम कोर्ट ने 10 अगस्त को उसकी अपील खारिज कर उचित कार्रवाई का आदेश दिया था। जिला जज कोर्ट ने गिरफ्तारी के लिए 27 अक्तूबर को पुलिस को निर्देश दिया।