जिले की पुलिस ने बिना किसी की इजाजत राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज पर छह माह से कब्जा कर रखा है। पुलिस कर्मियों का बाकायदा कॉलेज के क्लॉस रूम पर कब्जा है। पुलिस की ओर से सीज किए जा रहे वाहन कॉलेज परिसर से लेकर प्रधानाचार्य कार्यालय तक खड़े किए जा रहे हैं। वाहनों की वजह से छात्रों को कॉलेज में खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रधानाचार्य ने कॉलेज परिसर को सीज किए गए वाहनों से मुक्त कराने के साथ ही क्लास रूम को पुलिस कर्मियों से खाली कराने के लिए आरआई से लेकर एसपी तक को पत्र लिखा, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है।
रोडवेज बस स्टेशन के पास राजकीय इंटरमीडिएट कॉॅलेज स्थित है। पिछले छह माह से पुलिस विभाग बिना किसी से इजाजत लिए राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में सीज किए जा वाहनों को खड़ा करवा रहा है। कोतवाली नगर पुलिस और यातायात पुलिस ने 70 ई-रिक्शा को सीजकर छात्रों के क्लास रूम के पास ही खड़ा कर दिया है। रिकवरी वाहन के साथ ही चार अन्य पुलिस कर्मियों के वाहन भी कॉलेज में क्लास रूम व प्रधानाचार्य कार्यालय के पास खड़े किए गए हैं। वाहनों के धुएं से छात्रों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। कॉलेज के प्रधानाचार्य जयप्रकाश यादव ने वाहनों को कॉलेज से हटाकर अन्यत्र खड़ा कराने के लिए आरआई तेजराम अरुण व तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय को एक जुलाई को पत्र लिखा था, लेकिन किसी अधिकारी ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस ने जबरन कर रखा कब्जा : प्रधानाचार्य
सुल्तानपुर। राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य जयप्रकाश यादव ने कहा कि पुलिस ने बिना किसी की इजाजत लिए कॉलेज परिसर पर कब्जा कर रखा है। परिसर में सीज किए गए वाहनों के साथ ही और पुलिस विभाग के वाहन खड़े किए गए हैं। वाहनों के धुएं से छात्रों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। वाहनों के खड़े होने से साफ-सफाई में भी बाधा पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि नवागत एसपी अमित वर्मा इस समस्या का निवारण करेंगे। साथ ही पुलिस शिक्षण कक्ष खाली करेगी।