सुल्तानपुर। बल्दीराय के बरगदही बाबा मजार के पास सोमवार सुबह पॉक्सो एक्ट के आरोपी ने पुलिस टीम पर असलहे से फायर कर दिया। हालांकि, पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। बाद में घेराबंदी करते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से एक असलहा व एक कारतूस मिला है।
बल्दीराय थाने के निरीक्षक राजेश सिंह के मुताबिक, वह सोमवार सुबह उप निरीक्षक राजदेव, सिपाही विशाल यादव व देवेंद्र यादव के साथ पॉक्सो एक्ट के आरोपी तालिब निवासी पटैला, बल्दीराय की खोज में निकले थे। सुबह करीब आठ बजे जानकारी मिली कि बरगदही बाबा मजार के पास तालिब मौजूद है। इस पर सभी पुलिस कर्मी वहां पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही आरोपी तालिब धान के खेत की तरफ भागने लगा। इसी बीच उसने असलहे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गोली उप निरीक्षक राजदेव के पास से निकल गई। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। आरोपी तालिब ने बताया कि उसने मुसाफिरखाना अमेठी के एक व्यक्ति से सात हजार रुपये में असलहा खरीदा था। बल्दीराय थानाध्यक्ष नारदमुनि सिंह ने बताया कि निरीक्षक राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।