भदैंया। कोतवाली देहात क्षेत्र में दोमुंहा-पखरौली मार्ग पर शनिवार रात परऊपुर के पास बेकाबू कार की चपेट में आकर मलिकपुर निवासी बाइक सवार प्लंबर गुलाब चंद्र (22) की मौत हो गई। उधर, लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर मनिकापुर के पास शनिवार देर रात ही अज्ञात वाहन की चपेट में आने से श्रीपुर निवासी बाइक सवार सेल्समैन प्रशांत उपाध्याय (25) की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परऊपुर के पास शनिवार रात करीब नौ बजे हुई दुर्घटना में बाइक सवार गुलाबचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। वह बाइक से अकेले ही घर जा रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। दुर्घटना के बाद कार लेकर चालक घटनास्थल से भाग निकला।
गंभीर घायल गुलाबचंद्र को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना करने वाली कार कोतवाली देहात एक उप निरीक्षक की है।
उधर, लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर मनिकापुर गांव के पास शनिवार रात करीब 10 बजे दूसरी दुर्घटना हुई। शहर में कपड़े की दुकान पर सेल्समैन का काम करने वाले श्रीपुर निवासी बाइक सवार प्रशांत उपाध्याय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वह शहर से घर जा रहे थे। उन्होंने भी हेलमेट नहीं पहना था।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि गुलाब चंद्र के भाई परमानंद की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरी दुर्घटना में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मलिकपुर निवासी गुलाब चंद्र दो भाइयों में छोटे थे। बड़े भाई का नाम परमानंद है। गुलाबचंद्र की एक छोटी बहन छोटकी भी है। वहीं, श्रीपुर निवासी प्रशांत भी दो भाइयों में छोटे थे और अविवाहित थे। दोनों की मौत से परिवार में मातम पसर गया है।