भदैंया (सुल्तानपुर)। माध्यमिक स्कूलों के नेशनल और बेसिक शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहे विकास खंड के खिलाड़ियों को शनिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर में सम्मानित किया गया। ब्लाॅक प्रमुख राजेंद्र वर्मा ने सभी बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रशिक्षक मुनेंद्र मिश्रा ने बताया कि विद्यालय के छात्रों ने आजमगढ़, मेरठ, गोरखपुर व बरेली मंडल में पिछले दिनों आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हाॅकी, क्रिकेट, वाॅलीबाल व कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया है।
बालक संवर्ग में असलम, नीरज, वैभव और मेहताब ने जूडो व कुश्ती में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। बालिका वर्ग में रानी और अन्नू ने कुश्ती में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। गोरखपुर में हुई हाॅकी प्रतियोगिता में अभिषेक व अमन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
बरेली में आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अरुण व आलोक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन में अंकिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी उदय राज मौर्य, जिला व्यायाम शिक्षक राहुल तिवारी, व्यायाम शिक्षिका श्रद्धा सिंह, ब्लाॅक व्यायाम शिक्षक शिव प्रताप सिंह, जिला ओलंपिक संघ के सचिव वेद प्रकाश चैंपियन, प्रधानाध्यापक दिनेश सिंह, इंद्रभान यादव, बीना, गीता, अनुपमा, विशाल व आलोक मौजूद रहे।