कुड़वार। कस्बे में 25 मार्च की शाम गैस एजेंसी के सामने हुई प्रॉपर्टी डीलर माता प्रसाद पांडेय की हत्या के मामले पुलिस ने पिस्तौल बरामद कर लिया। पुलिस को शनिवार को रिमांड पर लिए गए आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्तौल व कारतूस मिला।
25 मार्च की शाम 7:10 बजे कुड़वार कस्बे में गैस एजेंसी के सामने बदमाशों ने पूरे बेनी माधव निवासी माता प्रसाद पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। विवेचना के दौरान प्रयागराज के नवाबगंज के करीमुद्दीनपुर निवासी केशरी उपाध्याय मामा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
न्यायालय की अनुमति के बाद पुलिस ने शनिवार को कस्टडी रिमांड पर लिया। पुलिस आरोपी को बांसी स्थित बरम बाबा मंदिर के पास से आम के बाग तक ले गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक पेड़ के नीचे मिट्टी में छिपाकर रखी काले रंग की पॉलिथीन को खोदकर निकाला। उसमें एक पिस्तौल व कारतूस मिला। कुड़वार थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।
हत्यारोपी का है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, आरोपी केशरी के खिलाफ सुल्तानपुर के अलावा प्रयागराज, अयोध्या, जौनपुर, चंदौली और पीलीभीत में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर सहित 12 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।