फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: ट्रक से भिड़ी तीर्थयात्रियों की बस, एक की मौत, आठ घायल

Wed, 07 Jun 2023 11:52 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
चांदा के ईसीपुर गांव के पास दुघर्टनाग्रस्त बस। संवाद
विज्ञापन
चांदा (सुल्तानपुर)। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने खड़े ट्रक में तीर्थयात्रियों से भरी बस बुधवार को भिड़ गई। हादसे में बस में सवार एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से तीन को ट्राॅमा सेंटर सुल्तानपुर भेजा गया। बाद में ट्राॅमा सेंटर से एक घायल को केजीएमयू रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन



चांदा कोतवाली क्षेत्र के ईशीपुर गांव के निकट स्थित पेट्रोल पंप के सामने बुधवार की भोर सड़क के किनारे खड़े ट्रक में वाराणसी की ओर जा रही बस भिड़ गई। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार काफी ज्यादा थी जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया। ट्रक से हुई भिड़ंत में बस के परखचे उड़ गए। बस में सवार महराष्ट्र के नासिक जिले के अंबर थाना निवासी अर्जुन आवरे की पत्नी सुनीता (54) गंभीर रूप से घायल हो गईं, थोड़ी देर में मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


हादसे में बस सवार सुरेश (50), सुरेश (51) और कोमल शिंदे (52) निवासीगण अंबर थाना नासिक महाराष्ट्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बस चालक मुदस्सर राशिद (30), शोभा (50), आशा सोलंकी (52) व प्रभा (50) को भी चोट आई। दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
विज्ञापन



सूचना पर पहुंची चांदा कोतवाली पुलिस ने क्रेन की मदद से जाम खुलवाया। सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से सुरेश विट्ठल, सुरेश व कोमल शिंदे को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। हालत की गंभीरता को देख सुरेश (50) को मेडिकल कॉलेज से केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।


सीएमएस डॉ. एसके गोयल ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चालक मुदस्सर राशिद, शोभा, आशा सोलंकी व प्रभा को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। मामूली रूप से घायल अन्य यात्रियों को दूसरी टूरिस्ट बस के जरिये वाराणसी के लिए रवाना कर दिया गया।



अयोध्या में दर्शन-पूजन कर वाराणसी जा रहे थे श्रद्धालु
श्रद्धालु अखिल भारतीय श्री स्वामी समर्थ गुरुपीठ श्री क्षेत्र त्रयंबकेश्वर नासिक की ओर से तीर्थयात्रा पर निकले थे। वे सभी अतिरुद्रात्मक रुद्राक्ष लिंगार्चन एवं श्री ललिता सहस्त्रनाम पाठ समारोह में शामिल हो कर पशुपतिनाथ हंस मंडपम गोशाला काठमांडू से लौटे थे। बताया जा रहा है कि टूरिस्ट मिनी बस पर करीब 18 लोग सवार थे। नेपाल से लौटते समय सभी ने अयोध्या में दर्शन-पूजन व स्नान करने के बाद काशी विश्वनाथ दर्शन की योजना बनाई थी। बुधवार को सभी को वाराणसी पहुंचना था। 10 जून को उन सभी का नासिक वापस पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था। सड़क दुर्घटना के बाद तीर्थयात्रा की सारी खुशियां दुख में बदल गईं।




चालक को नींद आने की वजह से दुर्घटना
चालक के नींद में होने की वजह से दुर्घटना की जानकारी सामने आ रही है। टूरिस्ट बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। सामान्य रूप से घायल तीर्थयात्रियों को दूसरी बस से भेजने की व्यवस्था की गई। मृतक व अन्य गंभीर रूप से घायल लोगोंं के नासिक निवासी परिजनों को सूचना दे दी गई है।
विज्ञापन

- अब्दुल सलाम, क्षेत्राधिकारी, लंभुआ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें