. पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर अखंडनगर के सजमपुर के पास घटनास्थल पर पहुंचे यूपीडा कर्मी। स्रोत-यूप
अखंडनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सजमपुर अंडरपास के पास रविवार तड़के अज्ञात वाहन की टक्कर से कृषि दवाइयां लदी पिकअप पलट गई। हादसे में सीतापुर के पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर पहुंचाया गया।
मृतक की पहचान सीतापुर जिले के महोली के गजपतिपुर निवासी सरफुद्दीन (35) के रूप में हुई है। घायल खलासी सलमान अली (30) मिश्रिख के सहायतनगर का निवासी है। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी प्रभुनाथ ने बताया कि दुर्घटना रविवार सुबह करीब 5:50 बजे हुई। पिकअप हरदोई के संडीला से कृषि दवाइयां लेकर आजमगढ़ जा रही थी।
सजमपुर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और क्षतिग्रस्त हो गई। यूपीडा टीम और पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी अखंडनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने सरफुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। सलमान अली का उपचार चल रहा है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।