जयसिंहपुर। गोसाईगंज के भगवानपुर, पखनपुर निवासी दिलीप उपाध्याय के मुताबिक उन्होंने सेवतरी गांव में वन विभाग से नीलामी में कुछ पेड़ लिया है। वह शुक्रवार को पेड़ काटने पहुंचे तो एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने अन्य साथियों के साथ हमला कर दिया। राइफल दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी ने उनके मजदूरों को भगा दिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दिलीप का आरोप है कि शुक्रवार सुबह जब वह मजदूर लेकर पेड़ कटाने के लिए पहुंचे तो सेवतरी निवासी अशोक वर्मा वहां पर अपने साथियों के साथ राइफल लेकर पहुंच गए।
आरोपी ने दिलीप को राइफल दिखाते हुए धमकी दी व उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। सीओ जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।पीड़ित की तहरीर पर आरोपी अशोक वर्मा व उनके पुत्र शालू सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल भी कराया है।