सुल्तानपुर। बैंक खाते के आधार से लिंक नहीं होने से तीन विभागों के सैकड़ों लाभार्थियों की पेंशन रुक गई है। इन लाभार्थियों के खाते में तीसरी किस्त नहीं पहुंचने की आशंका बरकरार है। फिलहाल तीनों विभागों की ओर से आधार सीडिंग की प्रक्रिया जारी है।
बृद्धावस्था पेेंशन, दिव्यांग व निराश्रित महिलाओं की पेंशन तीन विभागों समाज कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण व महिला विभाग की ओर से दी जा रही है। शासन ने तीनों विभागों के लाभार्थियों व नए पात्रों को पेंशन की तीसरी किस्त भेजना शुरू कर दी है। इसके बाद भी अभी तक नए सिरे से आधार सीडिंग व बैंक खाते से अपने आधार को एनपीसीआई से लिंक नहीं कराने वाले लाभार्थियों की पेंशन रुक गई है। इसमें दिव्यांग कल्याण विभाग के करीब 17 हजार लाभार्थियों में 403 और महिला कल्याण विभाग में करीब 400 पेंशनर शमिल हैं।
हालांकि समाज कल्याण विभाग अपने यहां से वृद्धावस्था पेंशन का लाभ पा रहे सभी लाभार्थियों का बैंक खाता एनपीसीआई(नेशनल पेंशन कार्पोरेशन ऑफ इंडिया) से लिंक करना जरूरी बता रहा है। समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि अक्तूबर, नवंबर व दिसंबर महीने की तीसरी किस्त लाभार्थियों के खाते में ऑनलाइन निदेशालय से भेजी जा रही है।
पेंशन भेजने की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद तीसरी किस्त पाने वाले लाभार्थियों का सही आंकड़ा मिल सकेगा। बताया कि तीनों विभागों में आधार सीडिंग की प्रक्रिया चल रही है। बचे हुए लाभार्थियों को अपना बैंक खाता आधार के जरिए एनपीसीआई लिंक कराना होगा। इसके बाद ही पेंशन मिल सकेगी। विभाग में प्रक्रिया चल रही है।