लोगों को हुई फार्म भरने में परेशानी
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी योगेश कुमार के निर्देश पर बुधवार को स्थानीय ब्लॉक मुख्यालय पर विधवा, दिव्यांग एवं वृद्धा पेंशन योजना के तहत तीन दिवसीय मेगा कैंप का शुभारंभ हुआ। कैंप में ग्रामीण क्षेत्रों से आए पात्र लाभार्थी अधूरे कागजात की वजह से परेशान दिखाई पड़े। कैंप में जिला समाज कल्याण विभाग से विजय कुमार, देवेंद्र मणि, जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण से सुरेश बघेल, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अमरनाथ व ब्लॉक से परिवार रजिस्टर की नकल प्रदान करने के लिए सभी पंचायत सचिव टेबल लगाकर मौजूद दिखाई पड़े।
ग्रामीण क्षेत्र से आए पात्र लाभार्थियों के पास आय प्रमाण पत्र व अन्य कागजात नहीं होने के लिए उनके फॉर्म अधूरे रह गए। लाभार्थियों का कहना था कि फॉर्म ऑनलाइन कराने व आय प्रमाण पत्र बनवा कर साथ लाने की सूचना पहले से नहीं थी। अब अधिकारी कह रहे है कि बिना ऑनलाइन फॉर्म भरे व आय प्रमाण पत्र के कुछ नहीं होगा। इस संदर्भ में एडीओ पंचायत अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आय प्रमाण पत्र व फॉर्म ऑनलाइन कराने की व्यवस्था की जाएगी।