सुल्तानपुर। नगर पालिका की ओर से शहर में पार्किंग के लिए दिए गए ठेके में अराजकता सामने आ गई है। मनमानी वसूली और अराजक तत्वों के इसमें शामिल होने की बात सामने आने पर अधिशासी अधिकारी ने पयागपुर टैक्सी स्टैंड का ठेका स्थगित कर दिया है।
नगर पालिका में शहर में पांच स्थानों पर पार्किंग का ठेका दिया था। इसे लेकर लगातार शिकायतें आ रही थीं। अमर उजाला में इस विषय को प्रमुखता से उठाया था कि पार्किंग स्थलों पर किसी तरह की यात्री सुविधाएं नहीं हैं। मनमाने तरीके से निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूला जा रहा है।
व्यापारियों के कई संगठनों ने भी इसका तीखा विरोध किया था। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जब पयागीपुर स्टैंड की जांच कराई गई तो यह व्यवस्था सामने आई। अधिशासी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन ने सोमवार शाम को 8 अगस्त से वसूली बंद करने का आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि अगले आदेश तक इस स्टैंड पर किसी तरह की वसूली नहीं की जाएगी।