भदैंया कोतवाली देहात क्षेत्र के भुलकी चौराहे के पास एक होटल के बाहर बैठे अधिवक्ता व उनके सगे बड़े भाई पर रविवार शाम अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए फरार हो गए। गंभीर हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर लाया गया जहां चिकित्सकों ने अधिवक्ता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में बड़े भाई को लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लोहरामऊ गांव निवासी अधिवक्ता आजाद अहमद (28) अपने बड़े भाई मुनव्वर अहमद (30) के साथ रविवार शाम भुलकी चौराहे पर एक होटल के बाहर बैठे थे। इसी बीच अचानक एक स्कार्पिओ आकर रुकी। इसके पहले कि दोनों भाई कुछ समझ पाते, बदमाशों ने असलहे से उन पर फायर झोंक दिया।
गंभीर हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर ले जाया गया। चिकित्सक ने आजाद अहमद को मृत घोषित कर दिया जबकि मुनव्वर की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।