सुल्तानपुर। भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी व्यक्तिगत नाराजगी को तवज्जो नहीं देती। टिकट वितरण में कुछ नाराजगी होती है। उसे दूर कर लिया जाता है। ये बातें भाजपा नेता ने ब्लॉक प्रमुख पद के उन पांच प्रत्याशियों के स्वागत के दौरान कहीं जिनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
गोलाघाट स्थित भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा के आवास पर उन्होंने धनपतगंज में पार्टी प्रत्याशी की ओर से नामांकन नहीं किए जाने पर कहा कि प्रत्याशी व्यक्तिगत कारणों से पर्चा नहीं दाखिल कर सका। प्रत्याशी की ओर से पार्टी अध्यक्ष को सूचना भेजी गई है।
टिकट वितरण में कई विधायकों की नाराजगी पर उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से सभी को तवज्जो दी गई है। कहा कि विरोध में नामांकन करने वालों की नाराजगी पार्टी मिलकर बैठकर दूर कर लेगी। उन्होंने 14 में से पांच ब्लॉक प्रमुख का निर्विरोध निर्वाचित तय होने पर उनका माल्यार्पण करके स्वागत किया।
इसमें अखंडनगर से करिश्मा गौतम, कादीपुर से दिलीप कुमार, मोतिगरपुर से चंद्रप्रताप सिंह, कूरेभार से रीना सिंह व भदैंया से राजेंद्र प्रसाद वर्मा शामिल हैं। इस मौके पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संतबक्श सिंह, विधायक राजेश गौतम, विधायक सीताराम वर्मा, विजय त्रिपाठी, बबिता तिवारी, आलोक आर्य, संदीप समेत कई भाजपाई मौजूद रहे।