सुल्तानपुर। रेलवे स्टेशन का बाइक और साइकिल पार्किंग स्टैंड मंगलवार से फिर चालू हो जाएगा। वाहनों को पार्किंग स्टैंड में खड़ा करने पर लोगों को शुल्क देना होगा।
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रोजाना हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है। यहां पर पूर्व में संचालित पार्किंग स्टैंड में करीब 150 से 200 बाइकें रोजाना रखी जा रही थीं। स्टेशन पर चल रहे निर्माण की वजह से विभाग ने बाइक व साइकिल स्टैंड का ठेका निरस्त कर दिया था। जिससे दैनिक यात्रियों, रेल कर्मियों व परिजनों को स्टेशन पर पहुंचाने आ रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
यात्री अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर चितिंत रहते थे। इस समस्या को देखते हुए विभाग ने मंगलवार से पार्किंग स्टैंड चालू करने का निर्णय लिया है। स्टैंड चालू होने से लोग अपनी बाइकें व साइकिलें रख सकेंगे।