सुल्तानपुर। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची पुनरीक्षण में नाम बढ़ाने, संशोधन व मृतकों का नाम सूची से हटाने के लिए दर्ज किए गए आंकड़े की फीडिंग का काम देर शाम तक जारी रहा। शाम तक 4,02,344 नामों की फीडिंग बीएलओ एप से हो गई थी। इसे देखते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को काम रात तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
पुनरीक्षण अभियान में नाम बढ़ाने, संशोधन व मृतकों का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए 4,39,103 नाम दर्ज किए गए थे। 29 सितंबर को सर्वे का काम समाप्त होने के बाद इन आंकड़ों की फीडिंग के निर्देश दिए गए थे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि सोमवार देर शाम तक 4,02,344 नाम फीड किए गए। अभी करीब 37 हजार नामों को फीड किया जाना है। अंतिम तिथि को देखते हुए रात तक काम समाप्त हो जाएगा। इसके बाद कंप्यूटरीकृत गणना पत्रक तैयार होगा।