अखंडनगर। पौधनरामपुर के पास बृहस्पतिवार दोपहर बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार बलुआ पौधनरामपुर निवासी पेंटर श्यामसुंदर (30) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक घटनास्थल पर ट्रक छोड़कर भाग निकला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना दोपहर तीन बजे पौधनरामपुर के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने हुई। ट्रक कादीपुर की तरफ से जा रहा था, तभी श्याम सुंदर ट्रक की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही पेंटर मौत हो गई। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।
अखंडनगर पुलिस ने शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पहुंचे परिजनों ने बताया कि श्याम सुंदर चेन्नई में पेटिंग का काम करता था। होली की छुट्टी में घर पर आया था। 30 जून को उसका विवाह तय था। उसकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है। अखंडनगर थाने के अपराध निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
गड्ढे में गिरी अनियंत्रित कार, सात घायल
करौंदीकला। बूढ़ापुर गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर अनियंत्रित कार गड्ढे में पलट गई। दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार पर सवार प्रतापगढ़ जिले के ढकवा निवासी चालक नौशाद (26), शहबान (28), शमशेर (25) , अफजल(24) , दबंगा (35) , सोहराब अली (25) व एक अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को सीएचसी करौंदीकला पहुंचाया गया। वहां से नौशाद और शहबान को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। (संवाद)
ट्रक से टकराकर बाइक सवार युवक जख्मी
दोस्तपुर। बहलोलपुर दियरा बेवाना निवासी लक्ष्मी गुप्ता (28) बुधवार देर रात बाइक से रसूलपुर दियरा की ओर जाने के लिए निकले। स्थानीय थाने की सीमा के निकट वह एक ट्रक में पीछे से टकरा गए। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। उन्हें दोस्तपुर सीएचसी से जिला अस्पताल अंबेडकर नगर रेफर कर दिया गया। (संवाद)