शहर के अति व्यस्ततम मार्ग पर एसपी आवास के सामने रेलवे लाइन पर बन रहे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य पुनरीक्षित बजट के पेंच में फंस गया है। राज्य सेतु निगम की ओर से शहर में एसपी आवास के सामने रेलवे लाइन पर बनवाए जा रहे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य स्थानीय इंजीनियरों एवं निगम मुख्यालय के बीच उलझ गया है।
स्थानीय इंजीनियरों ने ओवर ब्रिज पर खर्च होने वाली धनराशि कम बताकर करीब दो माह से कार्य बंद कर दिया है। साथ ही करीब नौ करोड़ छह लाख रुपये धनराशि की मांग को लेकर पुनरीक्षित आगणन प्रबंध निदेशक कार्यालय सेतु निगम को भेजने का दावा किया है। दो माह से बंद काम शुरू नहीं होने पर अब डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर वीके वर्मा कार्य का सारा ठीकरा एमडी कार्यालय पर थोप रहे हैं।