सुल्तानपुर। भूमि विवाद में दंपती पर हमला करने के मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) भव्या श्रीवास्तव की अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने अमेठी कोतवाली प्रभारी को चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने का आदेश दिया है।
मामला अमेठी जिले के गंगहुआ-शिवगढ़ गांव का है। गांव निवासी लीलावती ने अदालत में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि एक अप्रैल को भूमि विवाद और बिजली का तार ले जाने के लिए गाड़े गए बांस पर विवाद हो गया था। आरोप है कि गांव की कमला देवी, उनके पुत्र ज्ञानेंद्र व रवींद्र, बहू पुष्पा और दो अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट में लीलावती और उनके पति राम उजागिर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पीड़िता के मुताबिक, उन्होंने स्थानीय पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि दूसरे पक्ष की तहरीर पर उल्टे उनके खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस से न्याय नहीं मिलने पर लीलावती ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। इस मामले की सुनवाई के बाद एसीजेएम भव्या श्रीवास्तव की अदालत ने अमेठी कोतवाली प्रभारी को चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच करने का आदेश दिया है। अदालत ने एक सप्ताह में अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।