सुल्तानपुर। शटरिंग का काम करने वाले युवक की साजिशन हत्या कर शव को बाइक समेत गड्ढे में डालकर घटना को दुर्घटना का रूप देने के आरोप में अदालत ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवनीत सिंह की अदालत ने शुक्रवार को मामले का संज्ञान लेते हुए अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने के लिए जामो थाना प्रभारी को आदेश दिया है।
अमेठी जिले के जायस थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी वादी ने 23 अगस्त को हुई घटना के संबंध में अदालत में अर्जी दी थी। वादी के मुताबिक, उनकी पुत्री की शादी क्षेत्र के ही एक गांव में हुई है। रिश्तेदारी होने के कारण उनका पुत्र और गांव का एक युवक अक्सर पुत्री के घर आते-जाते थे। इसी दौरान दोनों का संपर्क पुत्री की ननद से हो गया।
आरोप है कि इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने उसकी शादी वादी के पुत्र के दोस्त से कराने की कोशिश की। 23 अगस्त को वादी का पुत्र अपने दोस्त के साथ बाइक से बहन के घर गया था। आरोप है कि जामो थाना क्षेत्र के पिता-पुत्र समेत चार लोगों ने साजिश के तहत उसके पुत्र की हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने और घटना को हादसा दिखाने के लिए शव को बाइक समेत गड्ढे में डाल दिया।
वादी के अनुसार, मृतक के दोस्त ने परिजनों को बताया था कि छुट्टा जानवर से टकराने के कारण हादसा हुआ है। वादी ने आरोपियों के खिलाफ साजिशन हत्या की कार्रवाई की मांग की थी।
अदालत ने मामले में पुलिस रिपोर्ट तलब की। हालांकि, हत्या के संबंध में लास्ट सीन स्पष्ट नहीं होने के कारण अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने का आदेश दिया है।