सुल्तानपुर। अयोध्या में 05 अगस्त को प्रस्तावित श्रीराम मंदिर भूमि पूजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी को लेकर पुलिस अलर्ट हो गई है। सतर्कता को लेकर पूरे जिले में ऑपरेशन हंटर अभियान शुरू किया जाएगा। जिले के सभी 17 थाना क्षेत्रों में 200 पुलिस कर्मी सोमवार शाम से 05 अगस्त की शाम तक घर-घर, होटल और ढाबों पर संदिग्ध लोगों की सघन जांच करेंगे। एहतियातन जिले की सीमाओं को सील कर प्रयागराज-अयोध्या हाईवे को बंद कर दिया गया है।
05 अगस्त को जिले से सटे अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर भूमि पूजन के लिए प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। जिले के नोडल अधिकारी बनाए गए पुलिस महानिरीक्षक फायर सर्विस विजय प्रकाश के आदेश पर सुल्तानपुर जिले में ऑपरेशन हंटर अभियान शुरू किया जाएगा।
रविवार को पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा ने बताया कि इसके लिए जिले के 17 थाना क्षेत्रों में कुल 200 पुलिस कर्मियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। इसमें प्रत्येक थाना क्षेत्र में एक उप निरीक्षक व चार आरक्षियों के साथ ही होमगार्ड व चौकीदार शामिल होंगे।
पुलिस की टीमें सोमवार शाम से लेकर बुधवार शाम तक जिले के सभी होटलों, ढाबों, सरायों, मैरिज हाल में सघन चेकिंग करेंगी। साथ ही पुलिस कर्मी घर-घर जाकर संदिग्ध व्यक्तियों के साथ ही वाहनों की जांच करेंगे। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी गोपनीय ढंग से यह भी पता करेंगे कि कोई बाहरी व्यक्ति जिले में आकर रुका तो नहीं है। एसपी ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति अपने रिश्तेदार के घर रुका है तो उसे हर हाल में सोमवार की शाम तक वापस जाना होगा।
एसपी शिवहरी मीणा ने बताया कि ऑपरेशन हंटर के अंतर्गत जिले में कंट्रोल रूम नंबर 05362-240348, 9454417466 व ऑपरेशन डोर स्टेप निदान के व्हाट्स एप नं0- 9454401121 पर कोई भी व्यक्ति संदिग्ध लोगों की जानकारी दे सकता है।
एसपी शिवहरी मीणा ने बताया कि अयोध्या में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर जिले में 48 बैरियर लगाए गए हैं। इसमें 10 बैरियर पहले से ही क्रियाशील थे। प्रधानमंत्री के अयोध्या भ्रमण के दृष्टिगत 10 अतिरिक्त बैरियर बॉर्डर पर लगाए गए हैं। अयोध्या जाने वाले प्रत्येक मार्ग को पुलिस ने सील कर दिया है।