सुल्तानपुर। शहर के पांच स्थानों पर संचालित नगर पालिका के टैंपो-टैक्सी पार्किंग स्टैंड पर मनमाना पार्किंग शुल्क वसूली का खेल किया जा रहा है। स्टैंड से आवागमन करने वाले छोटे-बड़े सभी सवारी वाहनों से 50 से लेकर 100 रुपये तक ज्यादा वसूला जा रहा है। जबकि उन्हें पर्ची कम रेट की दी जा रही है। वह भी बगैर मुहर की रसीदों पर पार्किंग शुल्क की वसूली चल रही है। इससे वाहन चालक काफी परेशान हैं।
नगर पालिका की ओर से शहर में संचालित पांच टैंपो-टैक्सी पार्किंग शुल्क की वसूली का ठेका 24 जुलाई को 45,650 रुपये प्रतिदिन पर आवंटित किया गया। बताया जा रहा है कि यह ठेका पिछले वर्ष की अपेक्षा 25 प्रतिशत की अधिक धनराशि पर आवंटित किया गया। ठेका आवंटन के समय फर्म के प्रोपराइटर से नगर पालिका की ओर से अनुबंध तैयार किया गया। इस अनुबंध की चौथी शर्त में नगर पालिका की ओर से वसूली की लाल रसीदों पर मुहर व सक्षम अधिकारी के दस्तखत अनिवार्य किए गए थे। अनुबंध में तय की गई इस शर्त का वसूली करने वाले बिल्कुल पालन नहीं कर रहे हैं। शहर में लाल रसीदों पर बगैर मुहर व सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर के वसूली की जा रही है।
यहां संचालित हैं नगर पालिका के पार्किंग स्टैंड
नगर पालिका की ओर से टैंपो-टैक्सी पार्किंग शुल्क की वसूली के लिए गोलाघाट पुराने पुल के पास, गभड़िया जिला पंचायत गोशाला के सामने (नया पार्किंग स्थल), करौदिया रेलवे क्राॅसिंग के उस पार, ट्रांसपोर्ट नगर पयागीपुर के पास (नया पार्किंग स्थल), पंत स्टेडियम हनुमान मंदिर के पास का स्थल नियत किया गया है। यहीं पर वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था भी की गई है।
अवैध वसूली के खिलाफ टेंपो चालकों ने खोला मोर्चा
सुल्तानपुर। शहर के विभिन्न स्थानों पर टेंपो चलाने वाले चालकों ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करने के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि नगर पालिका स्टैंड कर्ता की ओर से करौंदिया, गोलाघाट, बाधमंडी चौराहा, गभड़िया, पयागीपुर समेत अन्य स्थानों पर स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। ऑटो चालक रेलवे स्टेशन से टोकन लेने के बाद सवारी लेकर शहर के बाहर निकलते हैं तो रास्ते में जितने भी स्टैंड पड़ते हैं जगह-जगह अवैध रूप से 80 से 90 रुपये की वसूली जबरन की जाती है। इसको लेकर अक्सर टेंपो चालकों व स्टैंडों पर मौजूद वसूलीकर्ताओं के बीच मारपीट भी होती है। टैंपो चालकों ने कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में सुधीर कुमार, राजेश कुमार, सिराज अहमद, महेश कुमार, रमेश कुमार यादव, शशि, अमित दुबे समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
तत्काल रोकें अवैध वसूली, निरस्त करें ठेका
सुल्तानपुर। अवैध रूप से हो रही वसूली को रोकने की मांग लेकर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रविंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में व्यापारियों और टैक्सी टेंपो यूनियन का प्रतिनिधिमंडल डीएम जसजीत कौर से मिला। जिलाधिकारी को शासनादेश की कॉपी देते हुए रविंद्र त्रिपाठी ने कहा कि यदि नगर पालिका कोई उपविधि बनाकर नगर पालिका ठेका दे रही है तो यह शासनादेश के जारी होते ही स्वत: निरस्त माना जाएगा। पालिका के जिम्मेदार कहते हैं कि ठेका निरस्त करने पर नगरपालिका की आमदनी घट जाएगी तो क्या नगरपालिका को लूट कराने का ठेका दे दिया गया है। उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाने, ठेका निरस्त करने और मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन कराने की मांग की।
टैक्सी टेंपो चालक यूनियन के पदाधिकारी विनोद, रईस , गोर्वधन, राजेंद्र यादव, पवन, भीम प्रकाश आदि ने कहा कि जो पांचों स्थान चिह्नित किए गए हैं वहां पर कोई सुविधा नहीं है ना तो वहां पर कोई रेट बोर्ड लगा है। वसूली करने वाले चालकों से गाली-गलौज करते हैं और निर्धारित दर से कई गुना वसूली कर रहे हैं। मांग पत्र देने वालों में प्रदेश संगठन मंत्री अनूप श्रीवास्तव विनोद यादव , रईस गोवर्धन राजेंद्र यादव पवन जायसवाल भीम प्रकाश आदि शामिल थे।
लोडिंग-अनलोडिंग की अवैध वसूली पर भड़के व्यापारी
सुलतानपुर। नगर पालिका की ओर से टेंपो पार्किंग स्टैंडों पर लोडिंग-अनलोडिंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली के खिलाफ मंगलवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डीएम व ईओ से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। अमर बहादुर सिंह ने डीएम व ईओ को नगर पालिका के ठेकेदार की ओर से की जा रही वसूली के 150 रुपये की रसीद की छाया प्रति भी दिखाई। इस पर अधिशासी अधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर मनीष साहू, राकेश अग्रहरि, दिनेश गिरि, सतनाम सिंह बग्गा, आकाश जायसवाल, अंकित अग्रहरि समेत अन्य कई लोग मौजूद रहे।
शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
नगर पालिका की ओर से टैंपो-टैक्सी स्टैंडों पर पार्किंग शुल्क की वसूली के लिए हर वाहन का एक मूल्य तय किया गया है। यदि इससे अधिक और नियम विपरीत कोई वसूली कर रहा है तो उसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
- श्यामेंद्र मोहन, ईओ, नगर पालिका।